इविवि : केपीयूसी छात्रावास में रेड, 57 कक्ष अवैध कब्जे से मुक्त कर तालाबंदी
प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रावासों में अनुशासन, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो० एन के शुक्ल एवं कुलानुशासक डॉ० अतुल नारायण सिंह के नेतृत्व में बुधवार को केपीयूसी छात्रावास में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई छात्रावास के वार्डन प्रो० संदीप आनंद द्वारा प्राप्त शिकायत तथा उपलब्ध तथ्यों के परीक्षण के उपरांत की गई, जिसमें यह संकेत प्राप्त हुआ था कि छात्रावास में अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा कुछ कक्षों पर कब्जा कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि केपीयूसी छात्रावास, जो के पी ट्रस्ट द्वारा संचालित है, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के निवास हेतु प्रयुक्त होता है। विगत समय में नियमित वार्डन की अनुपस्थिति के कारण छात्रावास की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं, जिसके परिणामस्वरूप कुछ कक्षों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया। हाल ही में प्रो० संदीप आनंद के वार्डन के रूप में नियुक्त होने के पश्चात छात्रावास की व्यवस्था को पुनः व्यवस्थित करने के प्रयास प्रारम्भ किए गए, जिसके अंतर्गत यह औचक निरीक्षण एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
इविवि की जनसम्पर्क अधिकारी प्रो जया कपूर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान छात्रावास के कुल 84 कक्षों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें से 57 कक्ष ऐसे पाए गए जिन पर अनधिकृत व्यक्तियों का कब्जा था। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए इन 57 कक्षों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया तथा उन्हें तत्काल प्रभाव से तालाबंदी कर दिया गया, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता की पुनरावृत्ति न हो सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु स्थानीय प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। कर्नलगंज क्षेत्र के एसीपी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर कर्नलगंज एवं इंस्पेक्टर शिवकुटी सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहा। पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों, प्रॉक्टोरियल बोर्ड तथा डीएसडब्ल्यू बोर्ड के सदस्यों ने समन्वित रूप से कार्रवाई को सफलतापूर्वक किया। सम्पूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता, विधिक प्रावधानों एवं विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप संचालित की गई।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो० एन के शुक्ल एवं कुलानुशासक डॉ० अतुल नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रावासों में शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। छात्रावासों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, शांत एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, अतः किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अनधिकृत निवास अथवा नियमों के विपरीत गतिविधियाँ स्वीकार्य नहीं होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रहितों की रक्षा तथा संसाधनों के न्यायसंगत उपयोग के प्रति निरंतर सजग है।
यह भी अवगत कराया गया कि विश्वविद्यालय के अन्य छात्रावासों में भी इसी प्रकार के औचक निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान संचालित किए जाएंगे, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र