हनुमान मंदिर में मूर्ति हटाने और खुदाई का प्रयास
गुप्त खजाने की अफवाह में वारदात
हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे सिसोलर थाना क्षेत्र के बिनौटा मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात अराजक तत्वों ने मूर्ति को उसके स्थान से हटाने और आसपास खुदाई करने का प्रयास किया। गुरुवार को घटना की जानकारी होते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है।
घटना स्थल पर तनाव को देखते हुए सिसोलर थाना पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने गुरुवार को बताया कि स्थानीय चर्चाओं के अनुसार मंदिर परिसर में गुप्त खजाना दबे होने की अफवाह फैली हुई थी। इसी भ्रांति के चलते किसी अज्ञात व्यक्ति ने देर रात खुदाई करने और मूर्ति हटाने की कोशिश की होगी। फिलहाल गांव में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा