हिंदू आस्था एवं सनातन संस्कृति पर प्रहार बंद हों : डॉ. राजकमल गुप्ता
मुरादाबाद, 21 जून (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य व क्षेत्रीय गौ सेवा प्रमुख डॉ. राजकमल गुप्ता ने रविवार को कहा कि सनातन धर्म, हिंदू संस्कृति और करोड़ों हिंदुओं की आस्थाओं पर बार-बार प्रश्नचिह्न लगाने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। हिंदू आस्था एवं सनातन संस्कृति पर प्रहार बंद होना चाहिए।
डॉ. राजकमल गुप्ता ने आगे कहा कि किसी भी विषय पर जांच अथवा न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने से पूर्व राजनीतिक लाभ के लिए दिए जाने वाले गैर-जिम्मेदाराना बयान समाज में भ्रम और वैमनस्य उत्पन्न करते हैं।
डॉ. राजकमल गुप्ता ने कहा कि देश के कुछ राजनीतिक दल और उनके नेता वोट बैंक की राजनीति के कारण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं एवं आस्था के प्रतीकों को विवादों में घसीटने का कार्य कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक समरसता के लिए हितकारी नहीं है। किसी भी धर्म अथवा उसकी मान्यताओं का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल