पुरानी पेंशन बहाली के लिए अटेवा ने निकाली तिरंगा यात्रा, नारों से गूंजा कलेक्ट्रेट
जौनपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर अटेवा के आह्वान पर शुक्रवार को जौनपुर में तिरंगा यात्रा एवं पेंशन बचाओ रैली निकाली गई। जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी इसमें शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
यात्रा का शुभारंभ अंबेडकर तिराहे से हुआ। अटेवा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह, जिला महामंत्री इंदुप्रकाश यादव और जिला कोषाध्यक्ष नंदलाल पुष्पक के नेतृत्व में निकली यात्रा कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम प्रभारी एवं अटेवा मंडल उपाध्यक्ष रमेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रा को विभिन्न शिक्षक और कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिला। कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुजीत सिंह, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय चौधरी, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश सिंह सहित कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। अटेवा महिला विंग की प्रदेश सह प्रभारी डॉ. यामिनी सिंह और महिला विंग जौनपुर की अध्यक्ष आराधना चौहान ने कहा कि पुरानी पेंशन वर्षों की सेवा के बाद सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य का अधिकार है।
इस दौरान “पुरानी पेंशन बहाल करो”, “जय युवा-जय अटेवा” और “विजय बंधु जिंदाबाद” जैसे नारों से जिला मुख्यालय गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में अटेवा मंडल महामंत्री संदीप चौधरी और जिला संगठन मंत्री सुबास सरोज ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव