पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मुरादाबाद में दूसरे दिन भी अटेवा ने निकाली तिरंगा यात्रा

 


मुरादाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मुरादाबाद में आल टीचर्स एम्पलाइज़ वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) द्वारा लगातार दूसरे दिन शनिवार को जिला चिकित्सालय से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से सौंपा गया।

आल टीचर्स एम्पलाइज़ वेलफेयर एसोसिएशन जनपद मुरादाबाद के तत्वावधान में पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और एनपीएस की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सरकारी संस्थानों के निजीकरण के विरोध में लगातार तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री को भेजें ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि वर्ष 2004 के उपरांत पुरानी पेंशन योजना समाप्त कर नई पेंशन व्यवस्था (एनपीएस) लागू की गई, जिससे देश व प्रदेश के लगभग 1 करोड़ शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी प्रभावित हैं। इसके साथ ही, वर्षों से सेवारत शिक्षकों पर की अनिवार्यता लागू करने से लगभग 25 लाख से अधिक शिक्षक असंतोष व असुरक्षा के भाव में हैं।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी रात-दिन जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उनके पास सुरक्षा का कोई पुख्ता जरिया नहीं है।

जिला अध्यक्ष सैयद अफजाल अली ने कहा कि नई पेंशन योजना शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों के सामाजिक व आर्थिक भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

जिला महामंत्री हेमंत चौधरी ने कहा कि 20-25 वर्षों से सेवारत शिक्षकों के लिए एनपीएस की अनिवार्यता अव्यवहारिक और अन्यायपूर्ण है। इससे देश भर के 25 लाख से अधिक शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है।

तिरंगा यात्रा में अंकित यादव,रुपेश यादव,मनोज तिवारी,चेतन, मंजूर अहमद, नसीर हुसैन, अज़हद हुसैन, अब्दुल अलीम, मुन्नावेर हुसैन, विपिन भट्ट, फुरकान, चन्दर शेखर शर्मा,हरिबाबू सहक्योवार, जगत सिंह, सुशील, शेखर,रितेश चौधरी आदि मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल