अटल जी के सुशासन मंत्र को आगे बढ़ा रहे मोदी : विकास सिंह

 


उन्नाव, 29 दिसंबर (हि.स.)। संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और मतदाता पुनरीक्षण के संकल्प के साथ जनपद की बांगरमऊ और पुरवा विधानसभा क्षेत्रों में ‘अटल स्मृति विधानसभा सम्मेलन’ एवं ‘विधानसभा गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR)’ की द्वितीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में अटल के विचार, विकास और दूरदर्शिता पर जमकर चर्चा हुई।

कार्यशालाओं के माध्यम से आगामी चुनावी चुनौतियों और मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। बांगरमऊ के श्यामकला रिसॉर्ट में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री (भाजपा अवध क्षेत्र) विकास सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक बांगरमऊ श्रीकांत कटियार द्वारा डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय मंत्री भाजपा अवध क्षेत्र विकास सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी का सपना एक मजबूत, संवेदनशील, विकासशील और समावेशी भारत का था। आज भारत उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ा रहा है। अटल जी के सुशासन के मंत्र को मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के आदर्शों को जीवन में उतारने और सत्य, सेवा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। एसआईआर अभियान का द्वितीय चरण 1 जनवरी से शुरू होगा प्रत्येक मतदाता का नाम सूची में शामिल करना और संगठन को बूथ स्तर तक अभेद्य बनाना ही हमारा लक्ष्य है।

क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि अटल जी ने सिद्ध किया कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, पर मनभेद नहीं। उनका जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सुशासन का आदर्श उदाहरण है।

पुरवा विधानसभा की कार्यशाला माही संस्था मौरावाँ में हुई। मुख्य अतिथि के तौर पर क्षेत्रीय मंत्री अवध क्षेत्र विकास सिंह ने कहा प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने स्वर्णिम चतुर्भुज, सर्व शिक्षा अभियान, ग्रामीण सड़क योजना और पोखरण परमाणु परीक्षण जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियाँ दीं।आज भी उनका कार्यकाल स्वर्णिम काल के रूप में याद किया जाता है। उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ विश्व मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई। कार्यकर्ताओं को 'SIR' अभियान की बारीकियों से अवगत कराया और गहन पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा बीएलए 1 और बीएलए 2 को मॉनिटरिंग सीधे प्रदेश से भी हो रही है।

कार्यशाला में जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने बताया कि यह सम्मेलन अटल जी के सम्मान में आयोजित किया गया है। उन्होंने अटल जी को एक महान राजनेता, दूरदर्शी विचारक, ओजस्वी वक्ता और संवेदनशील कवि बताया, जिन्होंने राजनीति को सेवा, संवाद और सद्भाव का माध्यम बनाया। 'SIR' (गहन पुनरीक्षण अभियान) के अंतर्गत बीएलए-1 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और फर्जी नामों को हटाया जाए। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करना और पात्र युवाओं के नाम जोड़ना है।

विधायक अनिल सिंह ने कहा अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति में सिद्धांतों, संस्कारों और संवाद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका जीवन को आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है।

सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया। कार्यशाला में गृहमंत्री अमित शाह के भाषण के अंश को भी टीवी के माध्यम से दिखाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित