चौरीचौरा के बैजनाथपुर में हुआ स्वयंसेवकों का मंडल एकत्रीकरण
गोरखपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अधिक से अधिक स्थानों पर शाखा विस्तार के उद्देश्य से चौरीचौरा के सिक्तौर मंडल अंतर्गत बैजनाथपुर ग्राम सभा में मंडल एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान संघ की शाखा गतिविधियों, शारीरिक प्रशिक्षण और राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रांत बौद्धिक प्रमुख डॉ. अरविंद सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में राष्ट्रभावना को मजबूत करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति के भीतर देश के प्रति समर्पण की भावना जागृत होना आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवकों को “व्यक्ति-व्यक्ति में राष्ट्र भावना, हृदय-हृदय में संवेदना और मन-मस्तिष्क में सद्भावना” का भाव विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक राष्ट्र और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सेवा, संगठन और सामाजिक जागरण का कार्य किया है। उन्होंने स्वयंसेवकों से संघ के विचारों और कार्यों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा अधिकतम स्थानों पर शाखाएं प्रारंभ करने का आह्वान किया।
मंडल एकत्रीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा लगाकर किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने विभिन्न खेलों, योग, व्यायाम एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और संगठनात्मक भावना का संदेश दिया गया। इसके पश्चात मुख्य वक्ता का बौद्धिक उद्बोधन हुआ। अंत में संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने शताब्दी वर्ष में संघ की शाखाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक स्थानों पर नियमित शाखाएं संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और समाज संगठन का कार्य निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है।
इस अवसर पर मंडल विस्तारक एवं विभाग प्रचारक अजय नारायण, शाखा कार्यवाह विशाल यादव, मुख्य शिक्षक विकास पाण्डेय, शैलेन्द्र यादव, सम्राट यादव, अभय पाण्डेय, उपेंद्र पासवान, आकाश साहनी, मानवेंद्र, स्वामीनाथ पासवान, गणेश चौहान, रमेश चौहान सहित सैकड़ों स्वयंसेवक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय