आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा
जौनपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आशा बहु कल्याण समिति के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में करीब 300 आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि आशा और आशा संगिनियां लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर लागू कराने में आशा कार्यकर्ताओं का अहम योगदान है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने फरवरी माह में आशा और आशा संगिनियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसके बावजूद अभी तक घोषणा को लागू नहीं किया गया है। वहीं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, चौकीदार और शिक्षामित्र समेत अन्य मानदेय कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी की जा चुकी है।
आशा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि फरवरी में की गई मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा को 15 दिन के भीतर लागू किया जाए। इसके साथ ही लंबित भुगतान भी तत्काल कराया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर 15 दिन बाद लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की चेतावनी दी गई।समिति ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का टीबीआई भुगतान, वर्ष 2024 से 2026 तक टीबी मरीजों और आशा कार्यकर्ताओं का इंसेंटिव तथा आभा आईडी बनाने का लंबित भुगतान कराने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव