अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन) ने परिवहन विभाग के विस्तार पटल का किया औचक निरीक्षण, दो कर्मचारी मिले अनुपस्थित
लखनऊ, 05 सितंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन) चित्रलेखा सिंह ने शनिवार को लखनऊ के देवा रोड स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, विस्तार पटल, ट्रांसगोमती का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन रोकने के नर्देश दिए।
अपर परिवहन आयुक्त पूर्वाह्न करीब 11 बजे उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), लखनऊ राधेश्याम के साथ कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले कार्यालय परिसर के बाहर और अंदर मौजूद आवेदकों से बातचीत की। आवेदकों से कार्यालय आने का कारण पूछा गया तथा उनके आवेदन और पहचान पत्रों का अवलोकन कर यह सत्यापित किया गया कि वे स्वयं संबंधित सेवाओं के लिए आए हैं। जांच में सभी व्यक्ति वास्तविक आवेदक पाए गए।
उन्होंने आवेदकों से यह भी जानकारी ली कि किसी कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा उनसे निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त धनराशि की मांग तो नहीं की गई। इस पर सभी आवेदकों ने अतिरिक्त धनराशि मांगे जाने से इनकार किया।
इसके बाद अपर परिवहन आयुक्त ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। सभी सरकारी कर्मचारी आईडी कार्ड पहने मिले, लेकिन लाइसेंस प्रिंटिंग कार्य में लगे सेवा प्रदाता कंपनी के कर्मचारियों के पास कंपनी का पहचान पत्र नहीं था। इस संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हिमांशु जैन ने बताया कि कंपनी की ओर से कर्मचारियों को आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
अपर परिवहन आयुक्त ने संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी को सभी कर्मचारियों के आईडी कार्ड तत्काल उपलब्ध कराने और ड्यूटी के दौरान उन्हें अनिवार्य रूप से धारण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की उपस्थिति पंजिकाओं की भी जांच की। इसमें दो सरकारी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर परिवहन आयुक्त ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की कवरेज का भी जायजा लिया। निरीक्षण में कार्यालय परिसर में कुल 13 सीसीटीवी कैमरे लगे पाए गए। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा