एआरटीओ ने चलाया चेकिंग अभियान, सात स्कूली वाहन सीज

 

बिना फिटनेस स्कूली वाहनों पर की गई कार्रवाई

हमीरपुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में परिवहन विभाग के यात्रीकर अधिकारी चंदन पांडेय ने कस्बे में स्कूली वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में एआरटीओ ने फिटनेस फेल वाहनों की जांच पड़ताल की। एआरटीओ ने राठ में पांच और मुस्करा में दो वाहनों की चेकिंग की तो फिटनेस फेल निकली।

गुरूवार को परिवहन विभाग के यात्रीकर अधिकारी चंदन पांडेय ने कस्बे में सुबह करीब आठ बजे स्कूली वाहनों की जांच पड़ताल की। चंदन पांडेय ने बताया कि कस्बे में पांच स्कूली वाहनों की फिटनेस फेल निकली। जिन्हें सीज की कार्रवाई करते हुए कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। इसी तरह से चंदन पांडेय ने मुस्करा कस्बे में पहुंच कर वाहनों की जांच की। जहां पर दो स्कूली वाहनों को सीज किया गया। एआरटीओ ने बताया कि यह स्कूली वाहन ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चों को लेकर बिना फिटनेस के वाहनों से स्कूल पहुंचाते थे। उन्होंने कहा कि संबंधित स्कूल प्रबंधक प्रधानाचार्य को सख्त निर्देश दिये गये कि वह अपने यहां आने वाले स्कूल वाहनों के समस्त प्रपत्र शीघ्र दुरुस्त करा लें। अन्यथा की स्थिति में फिटनेस फेल वाहनों के संचालन पर होने वाली किसी भी घटना की समस्त जिम्मेदारी संबंधित स्कूल संचालक की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा