रंग-ए-झूम’ में नेहा वर्मा के निर्देशन में कलाकारों ने बिखेरे नृत्य के रंग

 


बाराबंकी 01 नवंबर (हि.स.)। देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 की सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को आयोजित ‘रंग-ए-झूम’ कार्यक्रम में वैष्णवी शिक्षक एवं प्रशिक्षण संस्थान के कलाकारों ने अपनी मनोहारी नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। नेहा वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय, धार्मिक, लोक एवं सूफी संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की आराधना पर आधारित गणेश वंदना से हुआ। कलाकारों ने आकर्षक नृत्य मुद्राओं के जरिए विघ्नहर्ता गणपति की स्तुति प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसके बाद शिव तांडव की ऊर्जावान प्रस्तुति में भगवान शिव के रौद्र एवं दिव्य स्वरूप का मनोहारी चित्रण किया गया। लय और ताल के शानदार समन्वय ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। वहीं राम भजन पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने श्रद्धा और भक्ति का संचार किया।

लोकनृत्य के माध्यम से कलाकारों ने भारतीय लोक संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवन की झलक पेश की। वहीं सूफी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिकता के रंग भर दिए। कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति और शानदार नृत्य संयोजन पर दर्शक तालियां बजाते नजर आए।

नेहा वर्मा के कुशल निर्देशन में संस्थान के कलाकारों ने प्रत्येक प्रस्तुति में उत्कृष्ट सामंजस्य और मंचीय अनुशासन का परिचय दिया। विविध सांस्कृतिक रंगों से सजी इस संध्या ने देवा मेले के आयोजन को यादगार बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी