काली माता मंदिर में महंतो के बीच विवाद की जांच करने पहुंचीं 25 सदस्यीय टीम

 


मुरादाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। महानगर मुरादाबाद के थाना मुगलपुरा क्षेत्र में मोहल्ला लालबाग स्थित काली माता मंदिर एवं प्राचीन सिद्धपीठ श्री नौ देवी काली माता मंदिर के महंतों के बीच लम्बे समय से चल रहा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को श्री पंच दश जूना अखाड़ा हनुमान घाट काशी से अखाड़े के अध्यक्ष महंत हरि गिरि महाराज ने जूना अखाड़े के प्रवक्ता महंत नारायण गिरि के नेतृत्व में 25 सदस्यीय टीम मंदिर में जांच करने के लिए पहुंचीं। टीम ने जांच करने और लोगों के बयान लेने के बाद बताया कि शीघ्र ही यहां एक महासभा होगी। जिसमें दोनों महंतों को स्थानांतरण कर नए महंतों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

काली माता मंदिर के महंत सज्जन गिरि और प्राचीन सिद्धपीठ श्री नौ देवी काली माता मंदिर के महंत रामगिरि पर लंबे समय से विवाद चल रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इन दोनों मंदिरों की गद्दियां नागा बाबा की हैं। टीम ने सज्जन गिरि और रामगिरि से भी शिकायतों और एक दूसरे पर आरोप के प्रति जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बताया पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। तीन-चार दिन में ही यहां एक महासभा की जाएगी। जिसके बाद इन दोनों महंतों का किसी नए स्थान पर स्थानांतरण कर दिया जाएगा और यहां नए महंत भेजे जाएंगे। उन्होंने दोनों महंतों को हिदायत दी कि महासभा तक मंदिर की पूरी व्यवस्था सुदृढ़, श्रद्धलुओं की सुविधाजनक और धार्मिकता के अनुरूप रहनी चाहिए। जबकि स्थानीय दोनों महंतों ने मामला कोर्ट में विचाराधीन रहने की बात कही है। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ जिलाधिकारी एवं एसएसपी से मिलने चले गए।

नारायण गिरि की टीम में वचन गिरि, गिरीशानंद गिरि, आनंदरानंद गिरि, धीरेंद्र गिरि, थाना पति लक्ष्मण गिरि, छोटू गिरि, थाना पति नारायण गिरि, महंत विक्रमादित्य गिरि, महंत सुंदर गिरि आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल