फर्जी बैनामा कर 45 लाख हड़पने वाले 6 शातिर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार बरामद

 


बाराबंकी, 11 जुलाई (हि.स.)। थाना बदोसराय पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के सहारे फर्जी बैनामा कर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शनिवार को छह आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। पकड़े गए आरोपिताें में फर्जी तरीके से जमीन का मालिक बनकर बैनामा कराने वाला भी शामिल है।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि 9 जुलाई को कृष्णावती पत्नी स्व. रामहरख निवासी चन्दवारा, थाना सफदरगंज ने तहरीर दी थी। बताया कि उसने 7 मई 2026 को बंशीलाल पुत्र संतराम निवासी डेरेराजा की 13 बीघा जमीन का 45 लाख रुपये में बैनामा कराया था। इसमें 15 लाख रुपये आरटीजीएस व 30 लाख रुपये नकद दिए गए थे।

कब्जे के समय पता चला कि असली बंशीलाल की जगह बंशी नाम के व्यक्ति को फर्जी बंशीलाल बनाकर खड़ा किया गया था। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर तहसील सिरौली गौसपुर में बैनामा करा लिया गया। इस धोखाधड़ी में कई अन्य लोग भी शामिल थे। तहरीर पर थाना बदोसराय में मुकदमा अपराध संख्या 154/2026 धारा 319(2)/318(4)/338/336(3)/340(2)/62 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलीजेन्स की मदद से शुक्रवार को छह आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सुनील कुमार वर्मा उर्फ सुशील निवासी जमलापुर सैदनपुर, रविनन्दन द्विवेदी निवासी गोबरहा टिकैतनगर, विनोद कुमार निवासी खिदरापुर सफदरगंज, राजकुमार निवासी मदनिया सुजौती बहराइच, नन्दकिशोर व बंशी निवासी राजपुर पढुआ लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वादिनी के पुत्र को डेरेराजा में 13 बीघा जमीन दिखाई। फिर बंशी को फर्जी मालिक बंशीलाल बनाकर पेश किया और 45 लाख में सौदा तय कराकर बैनामा करा दिया। बैनामे के बाद कब्जे के दौरान पीड़िता को धोखाधड़ी का पता चला।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या UP 32 RC 7467 भी बरामद की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामऔतार राम, वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उप निरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अशोक यादव, कांस्टेबल आशीष सिंह व रोहित शर्मा शामिल रहे। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी