फौजी की पुत्री ने पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली मार की आत्महत्या

 

फर्रुखाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धंसुआ में शुक्रवार देर शाम सेना के एक जवान की 20 वर्षीय पुत्री ने घर में रखी लाइसेंसी राइफल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धंसुआ निवासी राजेश कुमार पाल पंजाब के भटिंडा में भारतीय सेना में सिपाही के पद पर तैनात हैं। घर पर उनकी पत्नी रागिनी, पुत्री अंजली (20) और पुत्र ललित (18) रहते हैं।

ललित ने बताया कि वह बढ़पुर स्थित अपने प्रतिष्ठान पर शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे चला गया था। दोपहर करीब 1 बजे उसकी मां भी घर से बाहर चली गई थीं। रात करीब 11 बजे जब वह वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद वह पड़ोसी की छत के रास्ते घर में पहुंचा, जहां उसने देखा कि उसकी बहन अंजली बेड पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके पास ही पिता की लाइसेंसी राइफल पड़ी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंजली ने गले में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजन आत्महत्या के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। घटना देर शाम की बताई जा रही है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना आधी रात के बाद करीब एक बजे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar