आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ में छात्र-परिषद अलंकरण समारोह एवं कारगिल विजय दिवस का आयोजन,विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां

 


फर्रुखाबाद, 27 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र-परिषद का गठन कर अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएश सिखलाई रेजीमेंट सेंटर की अध्यक्षा अम्बिका जैन रहीं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ एन.सी.सी. 12 यूपी बटालियन की कैडेट प्रज्ञा एवं सिद्धि द्वारा मुख्य अतिथि की पायलटिंग के साथ हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पूर्व-प्राथमिक वर्ग के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘नन्हा मुन्ना राही हूँ, देश का सिपाही हूँ’ अभिनय गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने जयशंकर प्रसाद की प्रेरणादायी कविता ‘बढ़े चलो’ का प्रभावशाली समूह गान प्रस्तुत किया। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को दर्शाता भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत किया। पूर्व माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘माँ तुझे सलाम’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘रुके न जो, झुके न जो’ समूह गीत तथा ‘जय हो’ पर आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की भरपूर सराहना प्राप्त की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उपरांत छात्र-परिषद् अलंकरण समारोह सम्पन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि अम्बिका जैन ने चयनित छात्र-छात्राओं को बैज एवं दायित्व प्रदान करते हुए उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय के छात्र प्रमुख के रूप में कक्षा 12 ‘अ’ के आशू सिंह तथा छात्रा प्रमुख के रूप में कक्षा 12 ‘अ’ की आरजू राठौर को चयनित किया गया। प्रीफेक्ट बॉय के रूप में कक्षा 12 ‘अ’ के विवेक कुमार तथा प्रीफेक्ट गर्ल के रूप में कक्षा 12 ‘ई’ की रिया त्रिपाठी को मनोनीत किया गया।

सदन कप्तानों में कक्षा 12 ‘ब’ के युवराज सिंह को अशोका सदन, कक्षा 12 ‘सी’ के जसवीर सिंह को पटेल सदन, कक्षा 12 ‘ई’ के आशुतोष बघेल को रामानुजन सदन तथा कक्षा 12 ‘अ’ के विधान्त राठौर को सुभाष सदन का कप्तान नियुक्त किया गया। सहगामी गतिविधियों के कप्तान के रूप में विक्रान्त सिंह एवं सौभाग्या, अनुशासन कप्तान के रूप में आयुष सिंह राठौर एवं दीप्ति, स्पोर्ट्स कप्तान के रूप में वैभव सिंह एवं स्नेहा शर्मा, तथा लिटरेरी कप्तान के रूप में अभिराज सिंह तोमर एवं सृष्टि को दायित्व सौंपा गया।

उप-कप्तानों में अंशिका सिंह (अशोका सदन), मेधा मिश्रा (पटेल सदन), सगुन (रामानुजन सदन) तथा सिमिरत जैन (सुभाष सदन) को सदन उप-कप्तान बनाया गया। रुद्र प्रताप सिंह एवं आस्था राठौर को सांस्कृतिक गतिविधियों का उप-कप्तान, रुद्र प्रताप सिंह एवं अनुष्का राठौर को अनुशासन उप-कप्तान तथा कार्तिकेय दुबे एवं आरुषी को स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन नियुक्त किया गया।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को विद्यालय की उन्नति, अनुशासन, सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि अम्बिका जैन ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि विद्यालय का प्रत्येक विद्यार्थी समान रूप से महत्वपूर्ण है तथा विद्यालय की गरिमा को बनाए रखना सभी विद्यार्थियों का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करने का आह्वान करते हुए कहा कि “जितना बड़ा पद, उतनी बड़ी जिम्मेदारी।”

कार्यक्रम के अंत में कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि सहित कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 ‘द’ की छात्राओं मानसी चौहान एवं व्याख्या कन्नौजिया ने किया। इस अवसर पर स्मिता बोस, दीप्ति सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar