एरिया ऑफिसर ऐप से होगा शिकायतों का डिजिटल निस्तारण : केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग से सम्बन्धित समस्याओं व शिकायतों के त्वरित व तात्कालिक समाधान की आवश्यकता पर बल दिया है। वीबी-जीरामजी (मनरेगा) योजना के अंतर्गत हो रहे कार्यों की निगरानी और शिकायतों के समाधान को लेकर विभाग द्वारा अहम कदम उठाया गया है। अब मनरेगा से सबंधित सभी शिकायतों की जांच और स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से 'एरिया ऑफिसर मोबाइल एप्लीकेशन' से किया जाएगा।

त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि CPGRAMS पोर्टल पर प्राप्त होने वाली हर शिकायत का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। एरिया ऑफिसर ऐप के उपयोग से न केवल जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि स्थलीय निरीक्षण की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी को मौके की लाइव फोटो और भौगोलिक स्थिति ऐप पर अपलोड करनी होगी। एरिया ऑफिसर ऐप के लिए तय किए गए लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करना जरूरी होगा।

आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी एस प्रियदर्शी ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि CPGRAM पोर्टल की शिकायतों की जांच में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सभी जांच अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर ऐप के माध्यम से रिपोर्ट अपलोड करेंगे, जिससे गलत रिपोर्टिंग की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

इस व्यवस्था के लागू होने से मनरेगा योजना के अंतर्गत प्रगतिशील कार्यों का निरीक्षण सुदृढ़ होगा और ग्रामीण विकास की योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंच सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय