महामना शिक्षण संस्थान में नए सत्र के लिए आवेदन शुरू, मेधावी छात्रों को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग व आवास

 


लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से संचालित महामना शिक्षण संस्थान ने सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान आर्थिक रूप से कमजोर, लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क आवासीय शिक्षा, आधुनिक संसाधन और आईआईटी (जेईई) तथा नीट (पीएमटी) की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराता है।

संस्थान का उद्देश्य ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को अवसर देना है, जो संसाधनों के अभाव में अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। यहां छात्रों को कक्षा 11 व 12 की पढ़ाई के साथ-साथ रुबिक्स रोस्ट्रम कोचिंग संस्थान की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

संस्थान में छात्रावास, भोजन, पुस्तकालय, कंप्यूटर, इंटरनेट, आधुनिक पाठ्य सामग्री समेत सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। साथ ही आईआईटी, मेडिकल और प्रशासनिक सेवा के विशेषज्ञों की ओर से समय-समय पर मार्गदर्शन भी दिया जाता है। अब तक यहां से पढ़े 75 से अधिक छात्र देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में बीटेक व एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि कई छात्र बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत हैं।

आवेदन की प्रमुख शर्तें

संस्थान में वही छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने वर्ष 2026 में हाईस्कूल परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों और कक्षा 11 में विज्ञान वर्ग (पीसीएम/पीसीबी) में प्रवेश ले रहे हों। अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 4.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

प्रवेश प्रक्रिया

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क है। आवेदन फॉर्म 1 मई 2026 से संस्थान की वेबसाइट https://mahamanasansthan.org पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची 11 जून 2026 को वेबसाइट पर जारी होगी। लिखित परीक्षा 18 जून 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर क्यू अलीगंज (लखनऊ) में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा का परिणाम एक सप्ताह के भीतर वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा। इसके बाद साक्षात्कार और भौतिक सत्यापन के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।

अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उठाएं लाभ

संस्थान के सचिव रंजीव तिवारी ने अधिक से अधिक योग्य छात्र-छात्राओं से आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश