दिव्यांगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगाए गए शिविर में भरे गए सरकारी योजनाओं के आवेदन : वीरेन्द्र कुमार
कानपुर, 10 मई (हि.स.)। शास्त्री नगर बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया गेट नंबर चार में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की ओर से आयोजित समस्या समाधान शिविर में दिव्यांगजनों ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा पास, पेंशन, आवास, रोजगार के लिए ऋण और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। शिविर में विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी भरवाए गए।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने रविवार काे बताया कि शिविर में 52 दिव्यांगजनों ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा पास न बनने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूरदराज से पहुंचे 38 दिव्यांगजनों ने आवास, दिव्यांग पेंशन, रोजगार के लिए ऋण, गरीबी रेखा का आय प्रमाण पत्र, रेलवे यूनिक कार्ड और अंत्योदय राशन कार्ड न बनने की समस्या बताई। कई लोगों ने दिव्यांगजनों के बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ न मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई।
वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में दिव्यांगों ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा समाप्त किए जाने का मुद्दा उठाया है। इस संबंध में प्रबंध निदेशक केसीटीएसएल के पत्र के आधार पर प्रमुख सचिव दिव्यांगजन उत्तर प्रदेश शासन से पत्राचार किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर प्रयास कर सिटी बसों में दिव्यांगों की नि:शुल्क यात्रा सुविधा बहाल कराने के लिए आदेश जारी करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में जिन योजनाओं के आवेदन भरे गए हैं और जिन समस्याओं की शिकायतें सामने आई हैं, उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा ताकि दिव्यांगजनों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति को यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो वह शास्त्री नगर बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया गेट नंबर चार में किसी भी दिन संपर्क कर सकता है। शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार और रंजीत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप