उप्र 2027 चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करें : डॉ. पल्लवी पटेल

 


जौनपुर,25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र स्थित एक होटल में शनिवार को अपना दल (कमेरावादी) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि सिराथू की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल का पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, तलवार तथा महापुरुषों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान जिला कार्यकारिणी और विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक समीक्षा भी की गई।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ दिन-रात मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना होगा। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।

सम्मेलन में डॉ. पटेल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी, डकैती, दुराचार और भ्रष्टाचार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं तथा सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि किसान, छात्र, मजदूर और बेरोजगार सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

विधायक पल्लवी पटेल ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है। उनका आरोप था कि केवल मंत्री के इस्तीफे से छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।

दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए डॉ. पटेल ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। साथ ही राम मंदिर चंदा चोरी के कथित मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर विभिन्न मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने का आरोप भी लगाया।

सम्मेलन में पार्टी के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव