अनुप्रिया पटेल अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
राष्ट्रीय सम्मेलन में संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर मंथन, हर विधानसभा सीट पर तैयारी का ऐलान
लखनऊ, 02 नवंबर (हि.स.)। अपना दल (सोनेलाल) के राष्ट्रीय सम्मेलन में सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। कैसरबाग स्थित गांधी सभागार में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्वाचन और संगठनात्मक गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ राजनीतिक रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई।
पुनर्निर्वाचन के बाद अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की हर सीट पर अपनी तैयारी रखेगी। एनडीए में जितनी सीटें मिलेंगी, पार्टी पूरी ताकत के साथ उन पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष के मॉक पार्लियामेंट प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मॉक पार्लियामेंट (विपक्षी गठबंधन) के नाम पर लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है। वहीं, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इसके लिए काफी काम किया है।
इससे पहले अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ नेतृत्व के गठन, संगठन विस्तार और पार्टी की भावी राजनीतिक दिशा पर विचार-विमर्श किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा