उप्र में आगामी सरकार के गठन में अपना दल कमेरावादी की होगी अहम भूमिका : कृष्णा पटेल
अपना दल कमेरावादी ने रायबरेली में जनसभा आयोजित कर दिखाई ताकत
लखनऊ/रायबरेली, 23 अगस्त (हि.स.)। अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में रविवार को दूसरी आजादी की प्रथम क्रांति दिवस पर विशाल जनसभा का आयोजन रायबरेली के टिम्बर लॉन के मैदान में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भागीदारी करके अपनी ताकत दिखाई। प्रदेश भर के विभिन्न जनपदों से नारेबाजी करते हुए सभास्थल पर कार्यकर्ताओं से गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि आगामी प्रदेश सरकार के गठन में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जनहित के मुद्दा आधारित राजनीति को आगे बढ़ाते हुए, कमेरा समाज के संगठन काे केवल डॉ साेनेलाल पटेल की विचारों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त 1999 को समाज में समता की लड़ाई, जिसे दूसरी आजादी की संज्ञा दी गई। इस लड़ाई में संस्थापक डॉ सोनेलाल पटेल के ऊपर शासन प्रशासन द्वारा प्राणघातक हमला किया गया। इसलिए इस दूसरी आजादी की प्रथम क्रांति दिवस पर हमें संकल्प लेना है कि हम मंजिल तक जायेंगे।
सिराथू से विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी कोई अवसरवादी राजनीति नहीं, बल्कि वैचारिक संघर्ष का आंदोलन है। जो उत्तर प्रदेश में जनता के जायज सवालों पर सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर संघर्ष कर रही है। सूबे की जनता हमें आशा भरी निगाहों से देख रही है। हम जनता की आकांक्षाओं पर खड़ा उतरते हुए सत्ता बदलकर व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। आगामी सरकार के गठन की कुंजी अपना दल कमेरावादी के पास होगी।
अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी एल पटेल, एवं संचालन मोहम्मद हाफिज मोबीन, गगन प्रकाश यादव एवं दिनेश चौधरी ने किया। इस दौरान प्रमुख रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रोफेसर गंगाराम यादव, राधेश्याम सिंह, ई. पारुल पटेल, उदल राजभर, साधना साहू, आनंद हीराराम, बाबा राम आधार, अशोक पटेल आदि लोगों ने संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा