सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी
-28 अप्रैल तक ऑनलाइन आपत्तियां आमंत्रित
प्रयागराज, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या-51) की 18 एवं 19 अप्रैल 2026 को सम्पन्न लिखित पुनर्परीक्षा के सभी विषयों की मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी आज जारी कर दी गई है।
आयोग ने यह उत्तरकुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर अभ्यर्थियों के अवलोकन के लिए अपलोड की है। संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, वाणिज्य, विधि सहित कुल 33 विषयों की उत्तरकुंजी उपलब्ध करा दी गई है, जिससे अभ्यर्थी अपने प्रश्नपत्र का मिलान कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया है कि अभ्यर्थी सम्बंधित विषय की प्रोविजनल उत्तरकुंजी का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें। यदि किसी प्रश्न अथवा उत्तर के संबंध में आपत्ति हो तो अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए आयोग ने https://www.upessc.net/upesscqcapril2026/Login.aspx लिंक उपलब्ध कराया है। आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 22 अप्रैल से 28 अप्रैल की रात्रि 12 बजे तक निर्धारित की गई है। इस अवधि के बाद प्राप्त किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, ऑनलाइन लिंक के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियां भी स्वीकार नहीं होंगी।
अंत में उन्होंने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया आंकड़ों के संकलन एवं संरक्षण के उद्देश्य से संचालित की जा रही है तथा यह उच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अपील संख्या-368/2026 में पारित आदेश के अधीन होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र