विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन एसोसिएशन के महामंत्री पद के लिए अंजना राजपाल का चयन, गोरखपुर सिंधी समाज में हर्ष

 




गोरखपुर, 06 मई (हि.स.)। गोरखपुर सिंधी समाज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि विश्वभर के सिंधियों को एक सूत्र में जोड़ने वाले संगठन विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन एसोसिएशन के महामंत्री जैसे प्रतिष्ठित पद के लिए पूरे उत्तर प्रदेश से गोरखपुर की बेटी अंजना राजपाल के नाम का चयन किया गया है।

इस उपलब्धि से गोरखपुर सिंधी समाज में हर्ष, गर्व और उत्साह का वातावरण है। समाज के लोगों ने अंजना राजपाल और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चयन गोरखपुर की सामाजिक सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और सिंधी समाज की गौरवशाली परंपरा का सम्मान है।

गोरखपुर सिंधी समाज के महामंत्री देवा केसवानी ने कहा कि अंजना राजपाल का चयन पूरे समाज के लिए सम्मान और गौरव का क्षण है। यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि गोरखपुर सिंधी समाज की सामूहिक प्रतिष्ठा और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अंजना राजपाल ने अपने व्यवहार, सामाजिक सक्रियता और समाज के प्रति समर्पण से यह सिद्ध किया है कि सेवा भावना, संस्कार और संगठन क्षमता के बल पर गोरखपुर की प्रतिभा विश्व स्तर पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा सकती है।

देवा केसवानी ने आगे कहा कि सिंधी समाज सदैव सेवा, संस्कार, परिश्रम, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना के लिए जाना जाता रहा है। भगवान झूलेलाल की कृपा से समाज की यह गौरवशाली परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है। अंजना राजपाल का चयन इसी उज्ज्वल परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ी है।

गोरखपुर सिंधी समाज ने विश्वास व्यक्त किया कि अंजना राजपाल अपने नए दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, विनम्रता और संगठनात्मक कुशलता के साथ करेंगी तथा सिंधी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और एकता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय