पशुपालन विभाग का विशेष अभियान, संचारी रोगों से बचाव के लिए किया जागरूक

 

देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले में संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए पशुपालन विभाग ने शुक्रवार काे बैतालपुर विकास खंड में विशेष जागरूकता एवं नियंत्रण अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य सुअर पालन वाले क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना और पशुपालकों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने भगवानपुर चौबे, बलटिकरा, करंज, भूड़ीपाकड़ और करौंदी गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान सुअर बाड़ों और आसपास के क्षेत्रों में कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया। साथ ही बाड़ों के आसपास जमा पानी, गोबर और कचरे को हटवाकर मच्छरों, मक्खियों तथा अन्य रोग फैलाने वाले कीटों की रोकथाम के उपाय किए गए।

अभियान के दौरान सुभाष चंद्र, सुनील कुमार और महेंद्र यादव ने पशुपालकों को पंपलेट वितरित कर जापानी इंसेफेलाइटिस, स्वाइन फ्लू, एंथ्रेक्स सहित अन्य संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से स्वच्छता बनाए रखने और समय पर पशुओं की जांच कराने की अपील की।

पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी ने कहा कि सुअर बाड़ों की प्रतिदिन सफाई करें तथा गोबर को बाड़े से दूर गड्ढे में दबाएं। उन्होंने बाड़ों के आसपास जलभराव न होने देने और सप्ताह में कम से कम एक बार कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि यदि कोई पशु सुस्त दिखाई दे, उसे बुखार आए या खाने-पीने में परेशानी हो तो तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय या पशु सेवा केंद्र से संपर्क करें। बिना चिकित्सकीय सलाह के पशुओं को दवा न दें। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नमी और गंदगी के कारण संचारी रोग तेजी से फैल सकते हैं, इसलिए सतर्कता और स्वच्छता ही सबसे प्रभावी बचाव है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक