अनिल राजभर बोले- यूपी के युवाओं को देश-विदेश में रोजगार दिलाने के लिए तेज़ी से काम कर रही सरकार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के रोजगार मिशन के तहत युवाओं और श्रमिकों को देश-विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि अब तक 6004 निर्माण श्रमिकों को इजराइल में रोजगार दिलाया जा चुका है। वहीं, सेवायोजन विभाग और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के बीच हुए एमओयू के जरिए हजारों युवाओं के कौशल विकास के साथ उन्हें प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के साथ हुआ एमओयू
20 जुलाई को बापू भवन, सचिवालय में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर और राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी की उपस्थिति में सेवायोजन विभाग और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू पर सेवायोजन विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुधान्वा किमाने ने हस्ताक्षर किए।
इस समझौते का उद्देश्य सेवायोजन विभाग में पंजीकृत युवाओं के स्किल गैप को दूर कर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है।
रोजगार मिशन के तहत देश-विदेश में मिल रहे अवसर
अनिल राजभर ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को देश और विदेश दोनों जगह रोजगार उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मिशन के तहत विभिन्न देशों और उद्योगों में रोजगार की मांग का सर्वेक्षण, प्रतिष्ठित कंपनियों को सूचीबद्ध करना, युवाओं के कौशल अंतराल की पहचान, भाषा प्रशिक्षण और विदेश जाने से पहले आवश्यक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 1336 निर्माण श्रमिकों को प्रशिक्षण देकर इजराइल भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा रेनोवेशन सेक्टर के 245 श्रमिकों को भी इजराइल भेजने की तैयारी की जा रही है।
प्रदेश में भी बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम. के. शन्मुगा सुन्दरम् ने कहा कि अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के साथ हुआ यह एमओयू विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके माध्यम से प्रदेश में चल रहे अडानी समूह के विभिन्न प्रोजेक्ट्स, जैसे डिफेंस कॉरिडोर और थर्मल पावर प्लांट सहित अन्य परियोजनाओं में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
17 लाख से अधिक युवाओं को मिला निजी क्षेत्र में रोजगार
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2017 से अब तक सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 17 लाख से अधिक युवाओं का निजी क्षेत्र में चयन कराया जा चुका है।
26 से 28 अगस्त 2025 के बीच लखनऊ में आयोजित रोजगार महाकुंभ में 16,212 युवाओं का चयन हुआ था, जिनमें 1,612 युवाओं को विदेश में रोजगार के लिए चुना गया। वहीं, अक्टूबर 2025 में गोरखपुर में आयोजित इंटरनेशनल प्लेसमेंट इवेंट के माध्यम से 279 अभ्यर्थियों का विदेश के लिए चयन किया गया।
काशी सांसद रोजगार महाकुंभ में 8054 युवाओं का चयन
प्रमुख सचिव ने बताया कि 9 और 10 दिसंबर 2025 को वाराणसी में आयोजित काशी सांसद रोजगार महाकुंभ के दौरान 8054 युवाओं का चयन हुआ था। इनमें 85 अभ्यर्थियों का चयन विदेश में रोजगार के लिए किया गया। इसके अलावा 8 मार्च को आयोजित पिंक रोजगार मेले में 2765 महिला अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ, जिनमें 79 महिलाओं को विदेश में रोजगार के अवसर मिले।
34 लाख से अधिक युवाओं को मिला करियर मार्गदर्शन
सेवायोजन विभाग युवाओं को रोजगार के अनुरूप विषय चयन, प्रशिक्षण और रोजगार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए लगातार करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम भी चला रहा है। वर्ष 2017 से अब तक 34 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को इन कार्यक्रमों के माध्यम से करियर मार्गदर्शन प्रदान किया जा चुका है।
उद्योगों से बढ़ाया जा रहा जुड़ाव
निदेशक सेवायोजन नेहा प्रकाश ने बताया कि विभाग इंडस्ट्री कनेक्ट कार्यक्रम के जरिए विभिन्न औद्योगिक संगठनों और नियोक्ताओं को सेवायोजन विभाग से जोड़ रहा है। नोएडा और मुंबई में इंडस्ट्री कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिसके परिणामस्वरूप कई प्रतिष्ठित कंपनियां विभाग से जुड़ी हैं।
उन्होंने बताया कि हिंदुजा समूह की सहायक कंपनी ओएनईओटीटी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के साथ भी एमओयू किया गया है। वहीं, युवाओं के स्किल गैप को दूर करने के लिए एएफसी लिमिटेड तथा भाषा प्रशिक्षण के लिए ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के साथ भी समझौते किए गए हैं।
युवाओं की रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने पर रहेगा जोर
अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुधान्वा किमाने ने कहा कि सेवायोजन विभाग के सहयोग से प्रदेश के युवाओं की रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही अडानी समूह की प्रदेश में स्थापित विभिन्न परियोजनाओं में योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग खोलेगी।