हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिले जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित
कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का प्रयास होगा। यह बातें शनिवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात के बाद कहीं।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने शनिवार को लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू से मुलाकात की। इस दौरान आगामी हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा तिरंगा यात्राओं में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कानपुर उत्तर में हर घर तिरंगा अभियान को उत्साह, भव्यता और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप