समाज की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां : महापौर
फिरोजाबाद, 01 जनवरी (हि.स.)। नगर के पालीवाल हॉल में हाट कुक्ड मील योजना के अंतर्गत बृहस्पतिवार को नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर ने 400 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भोजन बनाने और परोसने के लिए बर्तन वितरित किए। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी की।
इस मौके पर महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि बर्तन वितरण का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इससे बच्चों और महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
नगर आयुक्त गुंजन द्विवेदी ने कहा कि हॉट कुक्ड मील योजना का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े हुये गरीब परिवार के बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण, गरम, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने इस योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे आंगनबाड़ी केंद्रों पर भोजन निर्माण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और स्वच्छ होगी।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने नगर निगम और महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन बर्तनों से उनके कार्य में सुविधा होगी और बच्चों को बेहतर तरीके से भोजन परोसा जा सकेगा।
कार्यक्रम के समापन पर, उपस्थित अधिकारियों और कार्यकत्रियों ने महिला सशक्तिकरण और पोषण अभियान को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। नगर निगम के इस कदम को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़