आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों पर जल्द होगा चयन

 


औरैया, 12 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आंगनबाड़ी केंद्रों पर रिक्त कार्यकत्रियों के पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ चयन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि चयन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनियमितता, पक्षपात या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों और प्रस्तुत अभिलेखों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी शिकायत या आपत्ति का नियमानुसार परीक्षण कर निस्तारण करने को कहा।

उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को भरने से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुचारु होगा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, एडीएम (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, डिप्टी कलेक्टर अरसला नाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार शशि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार