विद्यार्थियों में नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधान विकसित करने की क्षमता बढ़ाएगा हैकाथॉन : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों के माध्यम से वास्तविक समस्याओं का समाधान विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने का प्रभावी मंच साबित होते हैं। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने सीएसजेएमयू–आईबीएम बॉब हैक्स-26 के कानपुर नगर जोनल राउंड के समापन अवसर पर कहीं।
सीएसजेएमयू और आईबीएम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सीएसजेएमयू × आईबीएम बॉब हैक्स-26 – कृत्रिम बुद्धिमत्ता नवाचार हैकाथॉन के प्रथम चरण के अंतर्गत कानपुर नगर जोनल राउंड का दूसरे एवं अंतिम दिन सफलतापूर्वक समापन हुआ। विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर से 420 से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें भाग लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवाचारी समाधान प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने स्मार्ट परिसर मार्गदर्शक, स्मार्ट छात्र सहायता केंद्र तथा हरित सीएसजेएमयू पहल विषयों पर अपने मॉडल और नवाचार विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किए। स्मार्ट नेविगेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित छात्र सहायता प्रणाली तथा हरित एवं सतत विश्वविद्यालय परिसर के लिए विकसित तकनीकी समाधानों को निर्णायकों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान आईबीएम की प्रतिनिधि टीम ने प्रतिभागियों की परियोजनाओं का अवलोकन किया और उनसे संवाद स्थापित किया। टीम ने विद्यार्थियों की तकनीकी समझ, नवाचारी सोच और समस्या-समाधान क्षमता की प्रशंसा करते हुए उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
निर्णायक मंडल ने सभी टीमों का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी गुणवत्ता, व्यवहारिक उपयोगिता, समस्या-समाधान क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल और सामाजिक प्रभाव जैसे मानकों पर किया। आयोजन समिति ने बताया कि सफल जोनल राउंड के बाद चयनित टीमें अब ग्रैंड फिनाले (अंतिम चरण) में अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय स्तर की अन्य श्रेष्ठ टीमों से प्रतिस्पर्धा करेंगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में आयोजन समिति, संकाय सदस्यों, निर्णायक मंडल, तकनीकी टीम और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतिभागियों ने आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था और पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप