अमरनाथ यात्रा आस्था, अनुशासन और धैर्य का संदेश देती है : मोहम्मद आमिर राशिद

 


अलीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। दारा शिकोह फाउंडेशन के अध्यक्ष मोहम्मद आमिर राशिद ने गुरुवार काे अमरनाथ यात्रा को भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत और गहरी आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा है कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि श्रद्धा, अनुशासन, धैर्य और जिम्मेदारी का संदेश भी देती है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही है, जबकि प्राकृतिक रूप से बनने वाला पवित्र हिम शिवलिंग भी सामान्य से पहले पिघल गया। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं को धैर्य, संयम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा भी यही सिखाती है कि सच्ची भक्ति केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि विवेक और जिम्मेदारी से भी जुड़ी होती है।

मोहम्मद आमिर राशिद ने कहा कि भगवान शिव को सनातन धर्म में सर्वव्यापी माना गया है। इसलिए श्रद्धा और भक्ति केवल किसी एक स्थान तक सीमित नहीं है। अमरनाथ गुफा के दर्शन हर श्रद्धालु की इच्छा हो सकती है, लेकिन सच्ची आस्था मन की पवित्रता, श्रद्धा और समर्पण में निहित है।

उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति सच्ची भक्ति घर, मंदिर या किसी भी स्थान पर पूरी श्रद्धा के साथ की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा सदियों पुरानी एक पवित्र परंपरा है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु का दायित्व है। यात्रा के दौरान अनुशासन, धैर्य और एक-दूसरे की सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कि दर्शन करना। कठिन परिस्थितियों में संयम रखना भी धार्मिक मूल्यों का हिस्सा है।

दारा शिकोह फाउंडेशन के अध्यक्ष ने कहा कि अमरनाथ की पवित्र गुफा केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसकी पवित्रता, प्राकृतिक वातावरण और धार्मिक मर्यादा की रक्षा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश इस वर्ष यात्रा नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। भगवान शिव अपने प्रत्येक सच्चे भक्त की प्रार्थना स्वीकार करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आस्था के साथ धैर्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दें, ताकि अमरनाथ यात्रा की पवित्र परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक उसी गरिमा के साथ बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद