बाउंड्री के अंदर बुधवार को कई दिन पुराना अज्ञात शव मिला
देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपरा नाजिर वार्ड में बाउंड्री के अंदर बुधवार को कई दिन पुराना अज्ञात शव मिला है। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण अनुमान लगाया गया है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई थी।
घटना का पता तब चला जब पास में क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद बाउंड्री के अंदर चली गई। गेंद लेने अंदर गए बच्चों ने वहां एक व्यक्ति का शव देखा। शव सड़ी-गली अवस्था में था और जानवरों द्वारा उसे काफी हद तक क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया। 112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सलेमपुर कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक खराब हालत के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है।
इस संबंध में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राघवेंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेजा गया है। मृतक की शिनाख्त के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक