प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट परिसर में लगी उपलब्धियों की प्रदर्शनी
नोएडा, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोक भवन, लखनऊ में नवनिर्माण के 09 वर्ष शीर्षक पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट परिसर सूरजपुर में किया गया। इस दौरान विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा अभिषेक शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डा. शिवाकांत द्विवेदी सहित अन्य उपस्थित रहें।
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विगत 09 वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा सरकार की योजनाओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। जिसमें कृषि विभाग ने 02 लाभार्थियों को कस्टम हायरिंग सेंटर एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत 03 बालिकाओं, आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा 16 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उद्यान विभाग द्वारा 03 कृषकों को शाक-भाजी बीज उपलब्ध कराए गए। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 02 लाभार्थियों को टूलकिट, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 06 लाभार्थियों को सब्सिडी धनराशि के प्रतीकात्मक चेक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के 10 विद्यार्थियों को रोजगार के लिए नियुक्ति, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 10 बच्चों को यूनिफॉर्म, खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से 08 लाभार्थियों को पॉपकॉर्न मशीन, जिला प्रोबेशन विभाग द्वारा 05 बालिकाओं को बेबी तथा क्राई फाउंडेशन के सहयोग से 05 बच्चों को भी बेबी किट उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा योगी सरकार 09 वर्ष पूर्ण होने पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा 09 वर्ष विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों व उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी स्थापित की गई। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन करते हुए सराहना की। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग तथा अन्य विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिनमें सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत की गई। स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय भी किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिला।
कार्यक्रम के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, डिप्टी कलेक्टर विवेक प्रकाश पांडेय, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी/जिला प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा, सहकारिता विभाग से आलोक रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी