सुलतानपुर को मिली अमृत भारत ट्रेन की सुविधा, अयोध्या से मुंबई का सफर हुआ सुहाना
सुलतानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में अयोध्या से मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेन अब सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ स्टेशनों पर भी रुकेगी।
लखनऊ मंडल के रेलवे अधिकारी विकास तिवारी ने मंगलवार को बताया कि यह नई ट्रेन अयोध्या से चलकर सुलतानपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज होते हुए मुंबई तक जाएगी। वर्तमान में, लखनऊ मंडल के अंतर्गत सुलतानपुर और प्रतापगढ़ में इसके ठहराव सुनिश्चित किए गए हैं। अन्य स्टेशनों की सूची जल्द ही अधिसूचित की जाएगी।
इस ट्रेन सेवा की मुख्य विशेषता
इसकी आधुनिक तकनीक और किफायती किराया है। इसे 'वंदे भारत' ट्रेन की तर्ज पर विकसित किया गया है, जिसमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यह एक नॉन-एसी ट्रेन है, जिसे विशेष रूप से मध्यम और निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए तैयार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि यात्री मात्र 400 से 450 रुपये के टिकट में सुलतानपुर से मुंबई तक का सफर तय कर सकेंगे।
एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह ट्रेन विशेष रूप से मध्यम वर्गीय और गरीब परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उन्होंने बताया कि सुलतानपुर से मुंबई तक का सफर अब बेहद कम किराए में पूरा किया जा सकेगा। ट्रेन में एसी न होने के बावजूद इसे आधुनिक और आरामदायक बनाया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को सम्मानजनक यात्रा का अवसर मिलेगा।
श्री सिंह ने आगे कहा कि रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन का संचालन अमृत भारत अभियान के तहत किया गया है। यह न केवल यात्रा के समय को कम करेगी बल्कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं भी प्रदान करेगी।
यहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, एसडीएम सदर बिपिन द्विवेदी, सपा नेता अधिवक्ता अशोक सिंह बिसेन, समेत कई रेलवे के अधिकारी और नेता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त