सूबेदारगंज एवं लोकमान्य तिलक टर्मिनल के मध्य चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस

 


रेलवे बोर्ड के निदेशक ने जारी किया पत्र सप्ताह में 4 दिन होगा संचालन

हमीरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जल्द ही जनपद वासियों को एक नई ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। रेलवे बोर्ड के निदेशक ने पत्र जारी करके सूबेदारगंज (प्रयागराज) से लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुंबई तक सप्ताह में चार दिन ट्रेन चलाने का आदेश दिया है।

यह गाड़ी संख्या 14121 सूबेदारगंज से गुरुवार एवं शुक्रवार तथा गाड़ी संख्या 14122 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से रविवार और शुक्रवार को चलेगी इस ट्रेन को अमृत भारत एक्सप्रेस के नाम से चलाया जाएगा। रेलवे बोर्ड की वेबसाइट के अनुसार अभी गाड़ी संख्या 04115 एवं 04116 को सूबेदारगंज से लोकमान्य तिलक टर्मिनल तक स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित किया जा रहा था। रेलवे बोर्ड के निदेशक संजय आर नीलम द्वारा जारी किए गए पत्र के मुताबिक अब अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में ही ट्रेन संख्या 14121 तथा 14122 का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन सूबेदारगंज से फतेहपुर, गोविंदपुरी, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे होकर लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी। यह ट्रेन सप्ताह में 2 दिन सूबेदारगंज से गुरुवार एवं शुक्रवार को चलेगी जबकि लोकमान्य तिलक टर्मिनल से यह रविवार और शुक्रवार को चलेगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में यह इस रूट की पहली ट्रेन होगी। इसके संचालन से बुंदेलखंड के लोगों को मुंबई जाने के लिए सीधी ट्रेन मिली है। जनपद के दोनों प्रमुख स्टेशनों में इस ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किया गया है। गुरुवार को अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन की घोषणा का नगर उद्योग व्यापार मंडल ने हर्ष जताते हुए कहा कि इस ट्रेन के संचालन से यहां के विकास और व्यापार को गति मिलेगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू, चेयरमैन अनुज गुप्ता, महामंत्री श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से रेल मंत्रालय ने उत्तर भारत से दक्षिण भारत की जोड़ने के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की है। इसी तरह से मंत्रालय को देश की राजधानी जाने के लिए एक अदद ट्रेन बांदा, कानपुर होकर दिल्ली तक चलनी चाहिए क्योंकि आजादी के 80 वर्ष गुजर जाने के बाद अभी तक बांदा, कानपुर रेलखंड के मध्य में दिल्ली जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं है। लोगों को बांदा, महोबा, कानपुर जाकर दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा