विधायक निधि के शिलान्यास विवाद को लेकर विधानसभा अध्यक्ष से मिले अमिताभ बाजपेयी
लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से स्वीकृत विकास कार्य के शिलान्यास को लेकर हुए विवाद का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की शिकायत की। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें अपने ही विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य के शिलान्यास से रोका गया और प्रशासनिक संरक्षण में जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई।
अमिताभ बाजपेयी ने विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान कहा कि विधायक निधि से स्वीकृत विकास कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भी अन्यायपूर्ण रवैया अपनाया गया तथा एक मजदूर के साथ मारपीट की गई।
विधायक ने पूरे मामले को लोकतांत्रिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों से जुड़ा बताते हुए इसे विशेषाधिकार समिति को भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के विकास कार्यों की गरिमा बनाए रखने के लिए है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप