यूपी में मंत्रिमण्डल विस्तार से पहले अमित शाह से मिले रामचन्द्र यादव
लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में नवरात्रि के दौरान संभावित मंत्रिमण्डल विस्तार से पहले सोमवार को अयोध्या जिले की रूदौली विधानसभा से विधायक रामचन्द्र यादव ने नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की। इसकी फोटो विधायक रामचन्द्र यादव ने स्वयं अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर शेयर की है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि उत्तर प्रदेश के मंत्रिमण्डल विस्तार में रामचन्द्र यादव जगह बनाने में सफल हो सकते हैं।
अयोध्या जिलें की पांचों विधानसभाओं में रामचन्द्र यादव सबसे वरिष्ठ हैं। रूदौली विधानसभा से वह भाजपा के टिकट पर लगातार तीसरी बार विधायक हैं। इससे पहले व मिल्कीपुर विधानसभा से दो बार सपा के टिकट पर विधायक रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी अच्छी पकड़ है।
जातिगत समीकरण के लिहाज से भी वह फिट बैठ रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण जिले से इस समय न तो केन्द्र में कोई मंत्री है और न ही उत्तर प्रदेश सरकार में कोई मंत्री है। रामचन्द्र यादव को मंत्री बनाने से जहाँ प्रदेश सरकार में अयोध्या जिले का प्रतिनिधित्व हो जायेगा वहीं सपा के पीडीए की काट के लिए भी भाजपा के पास एक प्रमुख चेहरा हो जायेगा। अभी पिछले महीने बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने सदन में रामचन्द्र यादव का नाम लेकर तारीफ की थी। तब से चर्चाओं का दौर शुरु हो गया कि आगामी मंत्रिमण्डल विस्तार में रामचन्द्र यादव को जगह मिल सकती है। आज गृहमंत्री अमित शाह से उनकी भेंट होने के बाद उनके मंत्री बनने की चल रही अटकलों में और तेजी आ गई। यही नहीं उनके समर्थकों में जबरदस्त खुशी है और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दे रहे हैं। हालांकि आगे क्या होगा किसी को पता नहीं, लेकिन राजनीति में समय, माहौल व फोटो से ही आकलन किया जाता है। रामचन्द्र यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर गृहमंत्री अमित शाह की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि निःसंदेह! आपका अनुभव और मार्गदर्शन अपने कार्यों को और अधिक प्रभावशाली बनाने की दिशा में मेरे लिए प्रेरक सिद्ध होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन