तेज रफ्तार कार लकड़ी के ढेर पर चढ़ी, युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 




अमेठी, 07 जुलाई (हि.स.)। जनपद के रामगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

रामगंज थाना क्षेत्र के कुरंग गांव के पास रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आरा मशीन पर रखे लकड़ी के ढेर पर चढ़ गई। हादसे में कार में सवार प्रतापगढ़ चिलबिला निवासी 28 वर्षीय प्रतीक दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहा उसका दोस्त अनुराग पालको मामूली चोटें आईं।

मृतक के बड़े भाई गौरव दुबे ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे अनुराग पाल उनके भाई को फोन कर अपने साथ ले गया था। अनुराग पहले स्कूटी से उनके घर पहुंचा, स्कूटी वहीं खड़ी की और फिर कार से प्रतीक को अपने साथ लेकर चला गया। गौरव का आरोप है कि दुर्घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। उनका कहना है कि प्रतीक के सिर के पीछे गंभीर चोट है, जबकि सामने की ओर मामूली चोट होने से उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

रामगंज थाना प्रभारी रामराज कुशवाहा ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्रतीक दुबे को मृत घोषित कर दिया। अनुराग पाल का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं मृतक के परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी