अमेठी : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की माैत
अमेठी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अमेठी जिले में जायस कोतवाली क्षेत्र स्थित डेबका गांव के पास शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई।
मृतक की पहचान जायस थानाक्षेत्र स्थित पूरे तेजी मजरे ओदारी निवासी रेहान (18) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रेहान सुबह घर से बाल कटवाने के लिए बाजार जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह डेबका गांव के पास रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
जायस कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के संबंध में परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी