तालाब किनारे मिली महिला की लाश

 


अमेठी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के अढ़नपुर गांव में सोमवार देर शाम को तालाब किनारे करीब 29 वर्षीय महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी अजयेन्द्र पटेल ने बताया कि मृतका की पहचान सुनीता (29) रूप में हुई है। उसके पति खुशीराम की पहले ही मौत हो चुकी और वह दो बेटों की मां थी। उसका ससुराल इमली गांव चूंपी में है और इन दिनों वह मायके में रह रही थी। परिजनों के अनुसार सुनीता रविवार शाम शौच के लिए घर से निकली, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सोमवार की शाम को उसका शव गांव के तालाब के किनारे पड़ा मिला। शव देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और सूचना पुलिस को दी।

परिजनों ने बताया कि सुनीता कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी