(अपडेट)अमेठी : फूड पॉइजनिंग के मामले में पुलिस दो दुकानदारों को हिरासत में लिया, 100 से अधिक लोग बीमार

 




अमेठी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के तिलोई क्षेत्र के कोटवा गांव में बाबा मोती दास की समाधि पर लगने वाले करीब 70 वर्ष पुराने पूर्णिमा मेले में खस्ता खाने के बाद साै से अधिक लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। बच्चों से लेकर वयस्कों तक की तबीयत बिगड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पंचायत भवन कोटवा में कैंप लगाकर मरीजों के उपचार में जुट गई। कई लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलोई, जिला अस्पताल लोधवारिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा और रायबरेली के निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ा। तिलोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अवनीश चंद्रा ने प्रारंभिक तौर पर इस घटना की वजह फूड पॉइजनिंग बताई है। फिलहाल मेडिकल टीम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, बाबा मोती दास के मेले में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु समाधि पर मन्नत मांगने पहुंचते हैं। मेले में स्थानीय दुकानदारों के साथ बाहर से आए दुकानदार भी चाट, चाऊमीन, बर्गर, जलेबी, खस्ता और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानें लगाते हैं। मेले में पहुंचे लोगों ने खाने-पीने का सामान खरीदा और खाया । इसके बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों ने आसपास के मेडिकल स्टोर से दवाएं लीं, जबकि कई लोगों ने निजी चिकित्सकों से इलाज कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर मरीजों को अस्पतालों में ले जाना पड़ा।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात बीमारी ने गंभीर रूप ले लिया और बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए। मामले की जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और कोटवा के पंचायत भवन में स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर बीमार लोगों का उपचार शुरू किया। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मेले में लगने वाली दुकानों की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय प्रशासन की सूचना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सैंपल एकत्रित किया है।

वहीं, मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बीमार लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि उन्होंने मटेरवा निवासी राजकुमार गुप्ता पुत्र श्रीराम की दुकान से खस्ता खाया था। पुलिस ने राजकुमार गुप्ता को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर तेल और मैदा की आपूर्ति से संबंधित एक अन्य दुकानदार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी