अमेठी में चोरी की छह मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
अमेठी, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत संग्रामपुर पुलिस ने साेमवार काे चोरी की छह मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि सोमवार को थाना संग्रामपुर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ओझा का पुरवा बाग के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान राहुल यादव पुत्र शीतला प्रसाद निवासी शुकुलडीह मजरे मदेनमऊ, थाना मुंशीगंज, गजाधर वर्मा पुत्र रामबली निवासी नया पुरवा मौजा जोगापुर अम्बरपुर, थाना संग्रामपुर और आदित्य उर्फ करन पुत्र राम आसरे निवासी पाण्डेय का पुरवा मौजा टिकरिया, थाना गौरीगंज के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपिताें ने बरामद मोटरसाइकिलों को चोरी का बताया। इनमें होंडा एसपी, हीरो स्प्लेंडर प्लस, बजाज पल्सर, हीरो स्प्लेंडर, हीरो होंडा पैशन और बजाज प्लेटिना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपिताें ने मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट खुर्द-बुर्द करने अथवा फर्जी नंबर प्लेट लगाने की बात बताई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद वाहनों के संबंध में थाना गौरीगंज और संग्रामपुर में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपिताें के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी