सड़क हादसे में छात्रा की दर्दनाक मौत

 


अमेठी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा अंतिमा की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनगंज थाना क्षेत्र के पूरे महादेव मौजा, पाकरगांव निवासी बाबूलाल की पुत्री अंतिमा तिलोई स्थित बाबू महापति सिंह महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि पढ़ाई के बाद वह घर लौट रही थी। इसी दौरान पूरे लंगड़ा का पुरवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि छात्रा की माैके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवारने में जुटी छात्रा की असमय मौत से परिवार और गांव के लोग

मोहनगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी