अमेठी में तार चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा, सात अंतरजनपदीय आरोपित गिरफ्तार
अमेठी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त पिकअप और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार को गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय में बताया कि आरोपितों ने 29 सितंबर और दो अक्टूबर को भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के नेवादा सोलर प्लांट से तार चोरी किए थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने तार का प्लास्टिक जलाकर तांबा निकाला और उसे कबाड़ी को 80 हजार रुपये में बेच दिया था।
इसके अलावा आरोपितों ने मार्च में जामो-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार चोरी कर 27 हजार रुपये में बेचने की बात भी स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवपूजन निषाद, सुशील निषाद, प्रेमलाल निषाद, अनिल निषाद, विश्राम निषाद उर्फ किन्ने, कौशलदीप निषाद और राजेश निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से प्लास, तार कटर, आरी ब्लेड, पेचकस, छेनी और 11 रिंच सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी