महिला ने शारदा सहायक नहर में लगाई छलांग, एसडीआरएफ कर रही तलाश
अमेठी, 27 जुलाई (हि.स.)। अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक कलह से आहत एक महिला ने सोमवार को शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद से महिला लापता है और उसकी तलाश के लिए पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम अभियान चला रही है।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि अहुरी भावापुर गांव की रहने वाली महिला गुड़िया पत्नी इसरार अहमद का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह शुबह करीब 11 बजे घर से निकलकर शारदा सहायक नहर जा पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला की दो मासूम बेटियां अपनी मां का घर से लेकर नहर तक पीछा कर उसे रोकने का प्रयास करती रहीं, लेकिन महिला ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर शंकरगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक चले खोज अभियान के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल सका।
कोतवाल ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों ने द्वारा काफी प्रयास किए गए, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है, जो नहर में महिला की तलाश कर रही है।
--------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी