सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत, तीन युवक पुलिस हिरासत में
अमेठी, 04 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करौंदी गाँव के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दूसरी बाइक सवार युवकों में से एक की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है।
देवरहा गांव निवासी रामचंद्र तिवारी (65) शुक्रवार दोपहर बाद अपनी बाइक से अमेठी जा रहे थे। जैसे ही वह अभी घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर करौंदी गाँव के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही बाइक पर सवार अमरजीत, अंकित और विजय, निवासी पूरे रामदयाल पांडेय का पुरवा, आरसहानी, की बाइक से रामचंद्र की बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में रामचंद्र तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने बाइक सवार अमरजीत की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। गंभीर हालत में रामचंद्र को सीएचसी अमेठी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर के मुखिया की मौत के बाद पूरे घर में कोहराम मच गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि अमरजीत, अंकित और विजय को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में लिया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी