अमेठी : तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल
अमेठी, 06 नवंबर (हि.स.)। अमेठी जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के सालपुर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चाचा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भतीजे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के हरदोइया गांव निवासी मंतराम (35) के रूप में हुई है। हादसे में उनके भतीजे मोहित (20) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना में तैनात चिकित्सक डॉ. अर्जुन ने बताया कि मंतराम को अस्पताल लाए जाने पर जांच की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं मोहित की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए।
थाना प्रभारी अजयेंद्र पटेल ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी