अमेठी : बांदा-टांडा हाईवे पर ट्रकों की भिड़ंत, एक चालक की मौत
अमेठी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के सनहा गांव के पास बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ट्रकों की शनिवार काे आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के सनहा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक चालक नरेंद्र कुमार यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक नरेंद्र तीन दिन पहले ही घर से ट्रक लेकर काम के सिलसिले में निकला था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। मृतक
नरेंद्र का अपनी पत्नी से करीब छह माह पूर्व संबंध विच्छेद हो गया था।
कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। जब तक ट्रक में फंसे चालक नरेंद्र को बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी