अमेठी : जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, अधेड़ की मौत, बेटा घायल
अमेठी, 10 नवंबर (हि.स.)। अमेठी जिले में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। संघर्ष में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 57 वर्षीय पिता की मौत हो गई, जबकि बेटे का उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के राजू का पुरवा मजरे नरैनी गांव निवासी कन्हैया लाल वर्मा और संतोष वर्मा का अभय शुक्ला, विपुल शुक्ला समेत दूसरे पक्ष के लोगों से रास्ते को लेकर पिछले 15-20 वर्षों से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि वर्मा परिवार के घर के सामने शुक्ला परिवार की चक स्थित है। इसी खेत से होकर रास्ता निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ था। मंगलवार को शुक्ला परिवार के लोग अपने खेत में पानी लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। संघर्ष में कन्हैया लाल वर्मा और उनका बेटा संतोष कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कन्हैया लाल वर्मा (57) पुत्र राम आसरे वर्मा ने दम तोड़ दिया। वहीं, संतोष कुमार वर्मा का इलाज जारी है।
प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जानकारी में रास्ते को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर अभय शुक्ला, विपुल शुक्ला, संजय शुक्ला और महेंद्र कुमार शुक्ला के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी