अमेठी : मालिकों को लौटाए 217 गुम मोबाइल
-पिछले 8 महीने में लगभग 1 करोड रुपए कीमत के गुम फोन किए जा चुके हैं रिकवर
अमेठी, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी की पुलिस की सर्विलांस टीम ने विभिन्न कंपनियों के 217 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कीमत करीब 55 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक अमेठी में बताया कि उल्लेखनीय बात यह रही की जनवरी से लेकर अब तक पिछले 8 महीने में लगभग एक करोड़ रुपए कीमत के 395 मोबाइल फोन ढूंढ कर उनके मालिकों को वापस किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी० ने गुरुवार काे बताया कि बरामद किए गए 217 मोबाइल में 101 मोबाइल लोक शिकायतों के आधार पर और 116 मोबाइल CEIR पोर्टल के माध्यम से बरामद किए गए हैं। ये मोबाइल अलग-अलग तारीखों में उनके मालिकों द्वारा खो दिए गए थे। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने आगे बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी सर्विलांस सेल के नेतृत्व में सर्विलांस टीम द्वारा अथक प्रयास से की गई है। 01 जनवरी 2026 से अब तक विभिन्न कंपनियों के कुल 395 मोबाइल फोन बरामद कर उनके धारकों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। इन बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी