अमेठी : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
अमेठी, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में जायस कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर मुख्तिया निवासी मोबीन (56) पुत्र नूर मोहम्मद बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जायस कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सप्फू का पुरवा मोड़ के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोबीन सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं।
जायस थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना कारित करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी